अमेरिका में सीप्लेन हादसा: चट्टानों से टकराकर विमान में लगी आग, 11 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

अमेरिका में सीप्लेन हादसे के बाद विमान चट्टानों से टकराकर आग की चपेट में आ गया। राहत की बात है कि हादसे में सवार 11 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में कनाडा सीमा के पास एक दूरदराज द्वीप के नजदीक गुरुवार शाम एक सीप्लेन यानी पानी पर उतरने वाला विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर चट्टानों से जा टकराया।

Washington Seaplane Crash: अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में कनाडा की सीमा के नजदीक एक सीप्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पानी पर उतरने की कोशिश के दौरान विमान चट्टानों से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। हादसे के समय विमान में पायलट समेत कुल 11 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि बचाव दल और आसपास मौजूद नावों में सवार लोगों की मदद से सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हालांकि, सैन जुआन काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई गई है। कई अन्य यात्रियों को सिर में चोट लगी है और कुछ लोगों के हड्डियों में फ्रैक्चर की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार तक कम से कम पांच घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी थी।

पानी पर उतरते समय हुआ हादसा

दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 5:20 बजे वॉशिंगटन के सूसिया आइलैंड स्टेट पार्क के पास हुई। यह इलाका सैन जुआन द्वीप समूह के उत्तरी हिस्से में स्थित है और गर्मियों के दौरान पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय रहता है। यहां फेरी सेवाओं, व्हेल देखने और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियों के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान पानी पर उतरने की प्रक्रिया में था। इसी दौरान वह चट्टानों से टकरा गया। 

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को पानी की सतह के बेहद करीब उड़ते हुए देखा जा सकता है। बताया गया कि विमान अचानक एक तरफ झुका और उसका एक फ्लोट पहले पानी से टकराया। इसके बाद विमान कुछ क्षण के लिए ऊपर उठा, लेकिन फिर अपना संतुलन खो बैठा और चट्टानी इलाके से जा टकराया।

टक्कर के बाद विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसका एक हिस्सा पानी में डूब गया। इसके तुरंत बाद विमान में आग लग गई और घटनास्थल पर काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

आसपास मौजूद नावों ने शुरू किया बचाव अभियान

अमेरिका में सीप्लेन हादसा: चट्टानों से टकराकर विमान में लगी आग, 11 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

हादसे के वक्त इलाके में मौजूद कई नावों के लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। प्रत्यक्षदर्शी डेव ईस्टमैन ने बताया कि वह उस समय अपनी छोटी नाव में समुद्र में थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान उनकी नाव से टकरा सकता है, लेकिन बाद में विमान द्वीप की दिशा में नीचे जाता दिखाई दिया। बताया गया कि दुर्घटना के आसपास करीब छह से सात नावें मौजूद थीं। नावों में सवार लोगों ने तत्काल घटनास्थल की ओर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। अमेरिकी तटरक्षक बल ने भी बचाव अभियान में हिस्सा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त विमान से यात्रियों को बाहर निकलते देखा गया। इसी दौरान विमान आग की लपटों में घिरा हुआ था और उससे लगातार धुआं उठ रहा था। डेव ईस्टमैन ने इस घटना को बेहद डरावना बताते हुए कहा कि सभी यात्रियों के जीवित बचने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें बड़ी राहत मिली। 

उनके मुताबिक, दुर्घटना के समय क्षेत्र में मौसम तेजी से बदल रहा था। दिन की शुरुआत में मौसम सामान्य था, लेकिन हादसे के आसपास बिजली चमकने और तूफानी परिस्थितियों के साथ तेज बारिश शुरू हो गई थी। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि खराब मौसम दुर्घटना का वास्तविक कारण था या नहीं।

DHC-3 Otter विमान था दुर्घटनाग्रस्त

हादसे में शामिल विमान DHC-3 Otter मॉडल का सीप्लेन बताया गया है। इसे कनाडा की de Havilland Aircraft कंपनी ने विकसित किया था। इसी मॉडल का एक अन्य विमान वर्ष 2022 में सिएटल के पास Puget Sound क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में 10 लोगों की मौत हुई थी। 2022 की दुर्घटना की जांच में विमान के फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम से जुड़े एक महत्वपूर्ण हिस्से में खराबी सामने आई थी। 

इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने इस प्रकार के सीप्लेन की जांच के निर्देश दिए थे। हालांकि, मौजूदा हादसे में शामिल विमान Kenmore Air का था, जो सिएटल क्षेत्र में पर्यटन और यात्री सेवाएं संचालित करती है। यह कंपनी 2022 की दुर्घटना में शामिल ऑपरेटर से अलग है।

FAA और NTSB ने शुरू की जांच

Kenmore Air के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड गुडजेल ने कहा कि आधिकारिक जांच पूरी होने से पहले दुर्घटना के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने यात्रियों के सुरक्षित बचाए जाने पर राहत जताई और कहा कि कंपनी जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेगी। हादसे के बाद कंपनी ने शुक्रवार की सभी निर्धारित उड़ानें रद्द कर दीं। 

अमेरिका की Federal Aviation Administration (FAA) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। National Transportation Safety Board (NTSB) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave a comment