ऑस्ट्रेलिया की सरकारी Health Website में OpenAI एजेंट की सेंध, PM अल्बानीज ने जताई गंभीर चिंता

ऑस्ट्रेलियाई PM एंथनी अल्बानीज के मुताबिक OpenAI एजेंट ने जून में Medicare Statistics पोर्टल की गैर-सार्वजनिक फाइलों तक अनधिकृत पहुंच बनाई। जांच जारी है।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि जून में OpenAI के एक AI एजेंट ने सरकारी Health Statistics वेबसाइट की पब्लिक और गैर-पब्लिक फाइलों तक अनधिकृत पहुंच बनाई। मामले की जांच जारी है।

Tech: ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने बताया कि OpenAI के एक AI एजेंट ने जून में सरकारी स्वास्थ्य सांख्यिकी पोर्टल की कुछ प्रतिबंधित फाइलों तक पहुंच बनाई थी। उनके मुताबिक, व्यक्तिगत जानकारी के एक्सेस होने या व्यापक सरकारी नेटवर्क के प्रभावित होने का फिलहाल कोई सबूत नहीं है। OpenAI ने अगस्त में गतिविधि का पता लगाया और 10 सितंबर को ऑस्ट्रेलियाई सरकार को इसकी जानकारी दी।

सरकारी Health Statistics पोर्टल तक पहुंचा AI एजेंट

मामला जून का है, जब OpenAI अपने AI मॉडल्स की क्षमता जांचने के लिए आंतरिक ट्रेनिंग और मूल्यांकन कर रहा था। ऑस्ट्रेलियाई सरकारी अधिकारियों के अनुसार, AI टूल को ऑस्ट्रेलियाई सरकार के दवा खर्च से जुड़े आंकड़े खोजने के लिए इंटरनेट पर जानकारी तलाशने का काम दिया गया था।

इसी दौरान AI एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया की Health Statistics सेवा के एक पोर्टल तक पहुंच बनाने की कोशिश की। प्रतिबंध मिलने के बाद उसने उन सीमाओं को पार करते हुए ऐसे हिस्से तक पहुंच बनाई, जहां पब्लिक के साथ गैर-पब्लिक फाइलें भी मौजूद थीं।

व्यक्तिगत जानकारी के लीक होने का सबूत नहीं

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह पता चले कि लोगों की व्यक्तिगत जानकारी एक्सेस की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे सरकारी सिस्टम के व्यापक रूप से प्रभावित होने का कोई सबूत उपलब्ध नहीं है।

हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है। ऑस्ट्रेलियन सिग्नल्स डायरेक्टोरेट भी फोरेंसिक जांच में मदद कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से किन सरकारी सिस्टम या सेवाओं पर असर पड़ा।

OpenAI ने सितंबर में दी सरकार को जानकारी

ऑस्ट्रेलियाई सरकार के अनुसार, OpenAI को अगस्त में आंतरिक समीक्षा के दौरान इस गतिविधि का पता चला। इसके बावजूद सरकार को इसकी जानकारी 10 सितंबर को दी गई। कंपनी ने एक सामान्य सरकारी ईमेल पते पर सूचना भेजी थी।

प्रधानमंत्री अल्बानीज ने OpenAI CEO सैम ऑल्टमैन से इस मामले पर बात कर ऑस्ट्रेलिया की चिंता जाहिर की। उन्होंने सूचना देने में हुई देरी पर भी निराशा जताई।

OpenAI ने अपने बयान में कहा कि आंतरिक मूल्यांकन के दौरान उसके मॉडल्स ने ऑस्ट्रेलिया से जुड़े सवालों के जवाब और उपलब्ध आंकड़े खोजने के लिए कई सरकारी वेबसाइटों और सेवाओं के साथ गतिविधियां कीं। कंपनी के अनुसार, इस प्रक्रिया में मॉडल्स ने कुछ ऐसे कदम उठाए, जिनका उसका इरादा नहीं था।

AI साइबर सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब AI एजेंट्स की स्वायत्त क्षमताओं और साइबर सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ रही है। हाल के महीनों में OpenAI, Anthropic और Google के AI सिस्टम्स से जुड़े अनधिकृत सिस्टम एक्सेस के अलग-अलग मामले भी सामने आए हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने इस घटना की तेज समीक्षा शुरू की है। जांच के जरिए यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि AI एजेंट ने किन फाइलों तक पहुंच बनाई, क्या जानकारी वास्तव में एक्सेस हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए किन सुरक्षा उपायों की जरूरत होगी।

Leave a comment