अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध रोका। भारत ने खारिज किया। ट्रंप ने रूस-यूक्रेन पर भी बयान दिया।
Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में “Right About Everything” लिखा लाल टोपी पहनकर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु युद्ध को रोका था। ट्रंप ने कहा कि उस समय स्थिति बेहद खतरनाक थी और दोनों देश बड़े परमाणु संघर्ष की ओर बढ़ रहे थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी दखलअंदाजी के कारण ही यह संघर्ष नहीं हुआ और दोनों देशों के बीच सीजफायर संभव हुआ।
भारत ने खारिज किया ट्रंप का दावा
भारत सरकार ने बार-बार ट्रंप के इस दावे को खारिज किया है। नई दिल्ली ने स्पष्ट किया कि भारत-पाक के बीच संघर्षविराम का निर्णय किसी विदेशी मध्यस्थता के कारण नहीं हुआ, बल्कि DGMO (Director Generals of Military Operations) के स्तर पर दोनों सेनाओं की बातचीत के माध्यम से यह तय हुआ। भारत ने यह भी कहा कि पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर में भारी नुकसान के बाद ही संघर्षविराम स्वीकार करना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में स्पष्ट किया कि इस निर्णय में भारत की संपूर्ण भूमिका रही और किसी विदेशी नेता की कोई भूमिका नहीं थी।
ट्रंप का लगातार दावा
ट्रंप ने पहली बार 10 मई को सोशल मीडिया पर लिखा था कि वॉशिंगटन ने भारत और पाकिस्तान के बीच “पूरी और तत्काल” संघर्षविराम करवाया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए लंबी रातभर की बातचीत हुई। इसके बाद से ट्रंप 40 से अधिक बार सार्वजनिक रूप से यह दावा दोहरा चुके हैं कि उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव कम किया और परमाणु युद्ध को रोका।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की राय
भारत-पाक के दावों के अलावा ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी अपनी राय व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अगले दो हफ्तों में अमेरिका एक बड़ा और अहम निर्णय लेने वाला है। उनके मुताबिक यह निर्णय रूस पर भारी प्रतिबंध लगाने या टैरिफ लगाने का हो सकता है। इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका पूरी तरह इस युद्ध से दूरी भी बना सकता है और कह सकता है कि यह उनकी लड़ाई नहीं, बल्कि यूक्रेन की लड़ाई है।
पुतिन-जेलेंस्की की बैठक करवाने का दावा
ट्रंप ने यह भी कहा कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच आमने-सामने की बैठक करवाना चाहते हैं। उनका मानना है कि युद्ध को खत्म करने के लिए दोनों नेताओं का एक साथ बैठना जरूरी है। ट्रंप ने कहा, “टैंगो डांस के लिए दो लोग चाहिए, अगर दोनों नहीं मिलते तो मेरी कोशिश का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।”
ट्रंप के युद्ध रुकवाने के दावे
इस अवसर पर ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अब तक उन्होंने सात युद्धों को खत्म किया है और तीन ऐसे युद्धों को रोकने में भूमिका निभाई है जो शुरू होने वाले थे। कुल मिलाकर उनके अनुसार दस युद्धों में उनकी भूमिका रही है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन-किन युद्धों का जिक्र कर रहे हैं।