बिहार बीएड सीईटी 2026 की प्रोविजनल आंसर की 8 जून को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकेंगे और किसी उत्तर पर असहमति होने पर 9 से 10 जून तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर पाएंगे।
नई दिल्ली: बिहार बीएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (Bihar BEd CET) 2026 में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। स्टेट नोडल यूनिवर्सिटी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की आज जारी की जाएगी। उम्मीदवार उत्तर कुंजी डाउनलोड कर अपने संभावित स्कोर का आकलन कर सकेंगे।
आज जारी होगी प्रोविजनल आंसर की
बिहार बीएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET-B.Ed.) 2026 का आयोजन 7 जून को राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद अब अभ्यर्थियों को आंसर की का इंतजार है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 जून को प्रोविजनल आंसर की जारी की जाएगी।

उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध होगी। इसके जरिए उम्मीदवार अपने उत्तरों का मिलान कर संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकेंगे।
9 और 10 जून को दर्ज कर सकेंगे आपत्ति
प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया जाएगा। यदि किसी उम्मीदवार को किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 9 जून से 10 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज कर सकता है।
विश्वविद्यालय द्वारा प्राप्त सभी आपत्तियों की समीक्षा विशेषज्ञों की टीम करेगी। यदि कोई आपत्ति सही पाई जाती है तो अंतिम उत्तर कुंजी में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। इसके बाद फाइनल आंसर की और परीक्षा परिणाम जारी किए जाएंगे।
ऐसे डाउनलोड करें Answer Key
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट biharcetbed-brabu.in पर जाएं।
- होम पेज पर उपलब्ध Answer Key लिंक पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर प्रोविजनल उत्तर कुंजी खुल जाएगी।
- प्रश्नों और उत्तरों का सावधानीपूर्वक मिलान करें।
- यदि किसी उत्तर पर आपत्ति हो तो लॉगिन कर ऑनलाइन ऑब्जेक्शन दर्ज करें।
- भविष्य के लिए उत्तर कुंजी का प्रिंटआउट या पीडीएफ सुरक्षित रख सकते हैं।
19 जून को घोषित होगा रिजल्ट
बिहार बीएड सीईटी 2026 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा परिणाम 19 जून को घोषित किया जाएगा। रिजल्ट जारी होने के साथ ही काउंसिलिंग प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी कर दिया जाएगा।
काउंसिलिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और बीएड संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा। इस वर्ष बिहार बीएड कार्यक्रम के तहत कुल 37,250 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इन विश्वविद्यालयों में मिलेगा प्रवेश
बिहार बीएड सीईटी 2026 की काउंसिलिंग प्रक्रिया के माध्यम से राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध बीएड कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU), पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय (AKU), मौलाना मजहरूल हक विश्वविद्यालय, तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय, एलएन मिथिला विश्वविद्यालय, बीएन मंडल विश्वविद्यालय, छपरा विश्वविद्यालय तथा कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय शामिल हैं। इन सभी संस्थानों में उपलब्ध कुल 37,250 सीटों पर काउंसिलिंग के आधार पर दाखिला दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आंसर की, आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया, रिजल्ट और काउंसिलिंग से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण अपडेट से वंचित न रहें।











