ब्रिक्स सम्मेलन में विदेशी मेहमानों को भारत की समृद्ध खान-पान की परंपरा का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। एक ही मेज पर रागी का डोसा, बाजरे का उपमा, कश्मीरी पुलाव, हैदराबादी बिरयानी और लखनवी कबाब जैसे देश के अलग-अलग हिस्सों के मशहूर व्यंजन सजे नजर आएंगे।
नई दिल्ली: भारत में होने वाले BRICS Summit 2026 में कूटनीतिक चर्चाओं के साथ भारतीय संस्कृति और खानपान की झलक भी देखने को मिलेगी। नई दिल्ली में जुटने वाले विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, वरिष्ठ राजनयिकों और प्रतिनिधिमंडलों के लिए ऐसा विशेष मेन्यू तैयार किया जा रहा है, जिसमें देश के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों को शामिल किया गया है।
मिलेट्स यानी ‘श्री अन्न’ से बने व्यंजनों से लेकर लखनवी कबाब, कश्मीरी पुलाव और हैदराबादी बिरयानी तक, मेहमानों को भारत की विविध पाक परंपराओं का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।
एक मेन्यू में दिखेगी भारत की क्षेत्रीय विविधता
BRICS सम्मेलन के दौरान तैयार किए जा रहे भोजन में भारत के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की खासियत को जगह दी गई है। नाश्ते के विकल्पों में रागी डोसा, बाजरे का उपमा और मिलेट पोंगल जैसे व्यंजन शामिल किए जा रहे हैं। इनके साथ मौसमी फलों, नारियल पानी और ताजा छाछ जैसे हल्के और पौष्टिक विकल्प भी रखे जाएंगे।
दोपहर के भोजन में भी क्षेत्रीय विविधता पर खास जोर होगा। मेहमानों के लिए गुजराती और राजस्थानी थाली के साथ दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके अलावा कश्मीरी पुलाव, दक्कनी शैली के व्यंजन, हैदराबादी वेज और नॉन-वेज बिरयानी तथा दक्षिण भारतीय स्ट्यू जैसे विकल्प भी मेन्यू का हिस्सा होंगे।इस तरह भोजन केवल मेहमाननवाजी का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों तक पहुंचाने का जरिया भी बनेगा।
विदेशी मेहमानों की डाइट का भी रखा जाएगा ध्यान
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों के लिए भोजन तैयार करते समय उनकी खानपान संबंधी प्राथमिकताओं और डाइटरी जरूरतों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। तैयारियों से जुड़े होटल अधिकारियों के अनुसार, भारतीय व्यंजनों को विदेशी मेहमानों की पसंद के अनुरूप पेश करने की योजना है। कुछ स्थानों पर लाइव कुकिंग काउंटर भी उपलब्ध होंगे, जहां जरूरत के अनुसार कम तेल और मसालों वाला भोजन तैयार किया जा सकेगा। इससे अलग-अलग देशों से आने वाले मेहमान अपनी डाइट और पसंद के अनुसार भोजन का चयन कर सकेंगे।
भारत मंडपम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से आयोजित किए जाने वाले रात्रिभोज में भी भारतीय राज्यों की पाक विरासत को प्रमुखता दिए जाने की तैयारी है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े खानसामों और विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

VVIP मेहमानों के लिए दिल्ली के प्रमुख होटल तैयार
BRICS सम्मेलन में शामिल होने वाले VVIP मेहमानों और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के ठहरने के लिए नई दिल्ली के प्रमुख पांच सितारा होटलों में विशेष तैयारियां की गई हैं। ताज महल होटल, ताज पैलेस, ITC Maurya, The Leela Palace, The Oberoi, Shangri-La और The Lalit जैसे प्रमुख होटल प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी करेंगे।
अलग-अलग देशों के सरकारी और कारोबारी प्रतिनिधियों के लिए विशेष ब्लॉक बुक किए गए हैं। भारत के साथ-साथ ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब सहित BRICS देशों तथा आमंत्रित देशों के प्रतिनिधियों के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
लखनवी कबाब से तंदूरी व्यंजनों तक भारतीय स्वाद
विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के लिए तैयार किए जा रहे विशेष मेन्यू में भारतीय खानपान की लोकप्रिय पहचान को भी शामिल किया गया है। लखनवी कबाब, तंदूरी व्यंजन और धीमी आंच पर तैयार की जाने वाली भारतीय ग्रेवी मेहमानों के लिए आकर्षण का केंद्र हो सकती हैं। साथ ही धार्मिक और व्यक्तिगत खानपान प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग-अलग सेक्शन तथा समर्पित किचन की व्यवस्था की जा रही है। इससे भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान अलग-अलग डाइटरी जरूरतों का बेहतर तरीके से पालन किया जा सकेगा।












