दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से ही कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के कारण तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि, भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखने को मिली।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में आने वाले दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 जुलाई को कई इलाकों में बारिश की संभावना है, जिसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली में तीन घंटे में 80 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड
मंगलवार दोपहर बाद दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश पूसा इलाके में 80 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद:
- जनकपुरी: 72 मिमी
- लोधी रोड: 63.4 मिमी
- छतरपुर: 57.5 मिमी
- सफदरजंग: 57.6 मिमी
- आया नगर: 50.1 मिमी
- नारायणा: 44 मिमी
- रिज: 37.3 मिमी
- पालम: 26 मिमी
वहीं, नजफगढ़ क्षेत्र में इस अवधि के दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई।

तापमान में 9 डिग्री तक गिरावट
बारिश के कारण दिल्ली के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.9 डिग्री कम है। यहां पिछले 24 घंटे में तापमान में लगभग 9.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
29-30 जुलाई को बारिश का यलो अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 29 जुलाई से 3 अगस्त तक मौसम सामान्य रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से 29 और 30 जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शाम और रात के समय भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।
तेज बारिश के बाद राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा।












