गर्मियों में सेहत का रखेखास ख्याल, सही खानपान और बुरी आदतों से बचें

गर्मियों मे सही खानपान और लाइफस्टाइल अपनाना बेहद जरूरी है। शरीर से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होने पर डिहाइड्रेशन, थकान और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं

गर्मियों के मौसम में सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है। इस मौसम में सिर्फ कम खाना ही नहीं, बल्कि सही और संतुलित भोजन करना ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। तेज गर्मी में शरीर लगातार पसीना बहाता है, जिससे पानी के साथ-साथ जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे सोडियम और पोटेशियम भी बाहर निकल जाते हैं।

इसका असर शरीर पर कई तरह से दिखता है—डिहाइड्रेशन, थकान, कमजोरी, चक्कर आना और पाचन की समस्या आम हो जाती है। कई लोगों को गर्मियों में भूख भी कम लगती है, जिससे शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस मौसम में हल्का, ताजा और पानी से भरपूर भोजन लेना शरीर को ठंडा रखने और ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है।

गर्मियों में क्या खाएं: हाइड्रेशन और पाचन के लिए बेहतर विकल्प

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च’ (ICMR) की डाइटरी गाइडलाइंस के मुताबिक, गर्मियों में ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए जो शरीर को ठंडक दें और आसानी से पच जाएं।

तरबूज और खरबूजा जैसे फल शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं और तुरंत ताजगी देते हैं। खीरा, लौकी, तोरी और कद्दू जैसी सब्जियां हल्की होती हैं और पेट के लिए फायदेमंद होती हैं। ये शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ पोटेशियम भी देती हैं।

दही और छाछ पाचन को दुरुस्त रखते हैं और शरीर को ठंडक प्रदान करते हैं। नारियल पानी प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स का बेहतरीन स्रोत है, जो शरीर में पानी की कमी को जल्दी पूरा करता है।

इसके अलावा, आम पना, नींबू पानी और आंवला जैसे पेय पदार्थ शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ इम्यूनिटी भी बढ़ाते हैं। गोंद कतीरा भी शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है, लेकिन इसे सीमित मात्रा में और भिगोकर ही लेना चाहिए।

दिनभर का सही डाइट प्लान

गर्मियों में खानपान का सही समय और तरीका भी उतना ही जरूरी है जितना कि सही चीजें खाना।

सुबह उठते ही पानी, नींबू पानी या तरबूज-खरबूजा जैसे फल लेना फायदेमंद होता है। मिड-मॉर्निंग में छाछ या नारियल पानी पीना शरीर को हाइड्रेट रखता है।

दोपहर के समय हल्का भोजन जैसे दाल, दही, हरी सब्जियां और सलाद लेना चाहिए। शाम के समय फल, नट्स या भुने चने के साथ छाछ लिया जा सकता है।

रात का खाना हमेशा हल्का और जल्दी लेना चाहिए। दाल-चावल, सूप या दही-चावल के साथ लौकी या तोरी जैसी सब्जियां बेहतर विकल्प होती हैं।

गर्मियों में न करें ये 4 बड़ी गलतियां

गर्मियों में कई बार हम ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो शरीर को ठंडा रखने की बजाय नुकसान पहुंचाती हैं।

1. ज्यादा कैफीन लेना

गर्मी में ज्यादा चाय या कॉफी पीना शरीर को डिहाइड्रेट कर सकता है। कैफीन शरीर से पानी और सोडियम बाहर निकालती है, जिससे कमजोरी और थकान बढ़ सकती है।

2. बहुत ठंडा पानी पीना

बहुत ठंडा पानी पीने से शरीर को अचानक तापमान संतुलित करने में मेहनत करनी पड़ती है। इससे पाचन धीमा हो सकता है और कुछ लोगों को सिरदर्द या ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है।

3. ज्यादा शुगर और कोल्ड ड्रिंक्स

मीठे पेय और कोल्ड ड्रिंक्स तुरंत राहत देते हैं, लेकिन बाद में शरीर में सुस्ती और डिहाइड्रेशन बढ़ाते हैं। ज्यादा शुगर से वजन बढ़ने और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन का खतरा भी रहता है।

4. रात को भारी खाना

गर्मियों में भारी और मसालेदार खाना पचने में ज्यादा समय लेता है और शरीर का तापमान बढ़ा सकता है। इससे नींद भी प्रभावित होती है।

Leave a comment