IBPS ने Clerk Recruitment 2026 का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होगी और उम्मीदवार 21 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। विस्तृत नोटिफिकेशन जल्द जारी किया जाएगा।
नई दिल्ली: इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) ने Clerk (Customer Service Associate-XVI) भर्ती 2026 का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित अंतिम तिथि तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द आधिकारिक ibps.in नोटिफिकेशन में जारी की जाएगी।
1 अगस्त से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

आईबीपीएस ने क्लर्क (Customer Service Associate-XVI) भर्ती 2026 के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी करते हुए आवेदन कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 21 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन शुरू होते ही समय रहते अपना फॉर्म भर दें।
भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां
भर्ती प्रक्रिया के तहत प्री-एग्जामिनेशन ट्रेनिंग (PET) का आयोजन सितंबर 2026 में किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है, जबकि इसका परिणाम नवंबर 2026 में घोषित किया जाएगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित होगी और चयनित उम्मीदवारों का प्रोविजनल अलॉटमेंट मार्च 2027 में किया जाएगा।
रिक्त पदों की संख्या विस्तृत नोटिफिकेशन में होगी जारी
फिलहाल जारी शॉर्ट नोटिफिकेशन में कुल रिक्त पदों की संख्या का खुलासा नहीं किया गया है। आईबीपीएस ने स्पष्ट किया है कि पदवार और राज्यवार वैकेंसी की जानकारी विस्तृत नोटिफिकेशन के साथ जारी की जाएगी।
पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2025 में 15,701 पद, 2024 में 11,826 पद, 2023 में 4,545 पद, 2022 में 6,035 पद और 2021 में 7,855 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। ऐसे में इस वर्ष भी बड़ी संख्या में रिक्तियां आने की उम्मीद की जा रही है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक (Graduation) पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा, उम्मीदवारों को विस्तृत नोटिफिकेशन में निर्धारित अन्य पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा।
आयु सीमा की बात करें तो आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन से पहले रखें इन बातों का ध्यान
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन शुरू होने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज, फोटो, हस्ताक्षर और शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार रखें। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विस्तृत नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उम्मीदवार पात्रता, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न, चयन प्रक्रिया और राज्यवार रिक्तियों की जानकारी ध्यानपूर्वक पढ़कर ही आवेदन करें।











