झारखंड में परिसीमन को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। भाजपा ने विवाद के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया, जबकि कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आदिवासी राजनीतिक भागीदारी और आरक्षित सीटों को प्रभावित करने की साजिश का आरोप लगाया।
रांची: झारखंड में परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव बढ़ गया है। भाजपा ने कांग्रेस पर परिसीमन को लेकर दोहरी राजनीति और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा पर अपनी विफलताओं और कथित साजिशों को छिपाने के लिए संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
2008 के परिसीमन को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड में परिसीमन को लेकर मौजूदा विवाद की जिम्मेदारी कांग्रेस की है। उन्होंने वर्ष 2008 में तत्कालीन केंद्र की यूपीए सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधन का हवाला देते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
![]()
हरमू स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बाउरी ने कहा कि वर्ष 2008 में जनसंख्या के आधार पर परिसीमन का प्रस्ताव कांग्रेस सरकार की ओर से लाया गया था। इसके चलते झारखंड में आदिवासी सीटों की संख्या 28 से घटकर 22 होने की स्थिति बन रही थी।
उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा ने जनजातीय समुदाय के हितों और उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस सरकार का समर्थन किया था। भाजपा नेता के अनुसार, वर्ष 2008 में पार्टी ने यूपीए सरकार को संविधान के 84वें संशोधन के लिए राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग दिया था।
भाजपा बोली- अभी परिसीमन आयोग तक नहीं बना
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि कांग्रेस परिसीमन आयोग के गठन से पहले ही विरोध और आरोप लगा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने अभी तक परिसीमन आयोग का गठन नहीं किया है और न ही इस संबंध में कोई प्रस्ताव दिया है।
उन्होंने कांग्रेस पर आदिवासी, दलित और महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देने की राजनीति करने का आरोप लगाया। बाउरी ने कांग्रेस से उसके कार्यकाल के दौरान जनजातीय समुदाय के विकास और सम्मान के लिए किए गए कार्यों का उदाहरण देने को भी कहा।
कांग्रेस का पलटवार, भाजपा पर साजिश का आरोप
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने अमर कुमार बाउरी के बयान को प्रदेश की जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर अपनी विफलताओं और साजिशों को छिपाने के लिए कांग्रेस पर आरोप लगा रही है।
शाहदेव ने कहा कि परिसीमन के नाम पर झारखंड में आदिवासियों की राजनीतिक भागीदारी और आरक्षित सीटों को प्रभावित करने की साजिश केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने जल, जंगल, जमीन तथा आदिवासी अधिकारों की लड़ाई हमेशा मजबूती से लड़ी है।
कांग्रेस नेता ने गृह मंत्री अमित शाह के कथित 50 प्रतिशत बढ़ोतरी वाले मॉडल पर भी सवाल उठाया। उन्होंने भाजपा से स्पष्ट करने को कहा कि परिसीमन का संवैधानिक और न्यायसंगत आधार क्या होगा। शाहदेव ने कहा कि केवल घोषणाओं से आदिवासी समाज का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता।










