यूरिन में ब्लड आना कभी हल्के संक्रमण का संकेत हो सकता है, लेकिन बार-बार ऐसा होना किडनी स्टोन, ट्यूमर या अन्य गंभीर बीमारी की चेतावनी भी हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, खून के साथ दर्द या जलन हो तो तुरंत जांच कराना जरूरी है।
Causes Of Blood In Urine: पेशाब में खून आना, जिसे हीमेट्यूरिया कहा जाता है, हल्के यूरिन इंफेक्शन से लेकर किडनी स्टोन या ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। दिल्ली के Safdarjung Hospital के विशेषज्ञों के अनुसार, अगर यह समस्या बार-बार हो या इसके साथ जलन, तेज दर्द और कमर में तकलीफ हो, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। समय पर जांच इसलिए जरूरी है, क्योंकि शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करने से बीमारी जटिल रूप ले सकती है।
यूरिन में ब्लड क्यों आता है?
डॉक्टरों के अनुसार, अगर एक या दो बार पेशाब में खून दिखाई दे तो यह हल्के यूरिन इंफेक्शन की वजह से हो सकता है। बैक्टीरियल संक्रमण के कारण ब्लैडर में सूजन आ जाती है, जिससे पेशाब के साथ खून आ सकता है।
वहीं बार-बार ऐसा होना किडनी स्टोन का संकेत भी हो सकता है। पथरी के कारण यूरिनरी ट्रैक्ट की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचता है, जिससे खून आने लगता है। कुछ मामलों में यह किडनी की शुरुआती बीमारी की ओर भी इशारा करता है।

कब हो सकती है गंभीर बीमारी?
Safdarjung Hospital के नेफ्रोलॉजी विभाग के एचओडी प्रोफेसर डॉ. हिमांशु वर्मा के मुताबिक, यदि बार-बार पेशाब में खून आए और साथ में जलन, तेज दर्द, कमर या पेट के निचले हिस्से में दर्द हो, तो तुरंत जांच करानी चाहिए।
विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि ऐसे लक्षण किडनी ट्यूमर या ब्लैडर ट्यूमर का भी संकेत हो सकते हैं। कई मरीज शुरुआती संकेतों को हल्के में लेते हैं, जिससे बीमारी आगे बढ़ जाती है और इलाज जटिल हो सकता है।
बचाव और सावधानियां
डॉक्टर सलाह देते हैं कि रोज कम से कम दो लीटर पानी पिएं, ताकि शरीर में टॉक्सिन्स जमा न हों। ज्यादा नमक का सेवन कम करें और पेशाब में जलन या दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।
इसके अलावा, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखना भी जरूरी है, क्योंकि ये दोनों स्थितियां किडनी की सेहत पर सीधा असर डालती हैं। समय पर जांच और उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।













