मसल पेन का कारण हड्डियों या विटामिन की कमी नहीं? जानें डॉक्टर की सलाह

गलत पोस्चर, लंबा बैठना, मानसिक तनाव, नींद की कमी और डिहाइड्रेशन मसल पेन बढ़ाते हैं। छोटे लाइफस्टाइल बदलाव से राहत मिल सकती है।

विटामिन और हड्डियों की रिपोर्ट सामान्य होने के बावजूद मसल पेन की समस्या आम होती जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक खराब पोस्चर, लंबे समय तक बैठकर काम करना, मानसिक तनाव, नींद की कमी और डिहाइड्रेशन इसके प्रमुख कारण हैं। लाइफस्टाइल में छोटे बदलाव से इस दर्द से राहत पाई जा सकती है।

Muscle Pain Causes: आज के समय में मसल पेन की शिकायत सिर्फ बीमारी या विटामिन की कमी से नहीं जुड़ी है। मैक्स हॉस्पिटल के आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश यादव के अनुसार, यह समस्या ऑफिस में घंटों बैठकर काम करने वाले लोगों में ज्यादा देखी जा रही है। गलत पोस्चर, मोबाइल और लैपटॉप के कारण गर्दन व पीठ पर दबाव, मानसिक तनाव और पूरी नींद न लेना मांसपेशियों को लगातार तनाव में रखता है। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी भी मसल पेन की बड़ी वजह बन सकती है, खासकर गर्म मौसम में।

गलत पोस्चर और घंटों बैठकर काम

डॉ. अखिलेश बताते हैं कि आजकल मसल पेन का सबसे बड़ा कारण खराब पोस्चर है। लगातार एक ही पोज़िशन में बैठकर काम करने से मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है, जिससे दर्द बना रहता है।
लैपटॉप और मोबाइल के इस्तेमाल के दौरान गर्दन और पीठ का झुका रहना मसल्स को लगातार तनाव में रखता है, भले ही शरीर में कैल्शियम और विटामिन का स्तर ठीक हो।

तनाव और नींद की कमी का असर

मानसिक तनाव सीधे मसल पेन का कारण न दिखे, लेकिन इसका असर शरीर पर जरूर पड़ता है। तनाव से हार्मोनल बैलेंस बिगड़ता है, जिससे मांसपेशियां ढीली होने के बजाय टाइट बनी रहती हैं।
इसके साथ अगर नींद पूरी न हो, तो मसल्स को रिपेयर होने का समय नहीं मिल पाता। लगातार ऐसा होने पर हल्का दर्द भी लंबे समय तक बना रह सकता है।

डिहाइड्रेशन भी है बड़ी वजह

कई मामलों में मसल पेन का कारण शरीर में पानी की कमी होता है। डिहाइड्रेशन से इलेक्ट्रोलाइट्स असंतुलित हो जाते हैं, जिससे मांसपेशियों में खिंचाव और दर्द होता है।
खासतौर पर गर्मी के मौसम में या ज्यादा पसीना आने पर यह समस्या बढ़ जाती है। एथलीट्स में भी पर्याप्त पोषण के बावजूद मसल पेन इसी वजह से देखा जाता है।

Leave a comment