पंजाब के लुधियाना में कस्बा खन्ना स्थित एक चाय के खोखे के पास बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला। मरने वाले की पहचान गिरजा प्रसाद के रूप में हुई है। गिरजा की पत्नी चाय का खोखा चलाती है। गिरजा शेलर में काम करता था। बीते देर रात काम से वापस आकर गिरजा पत्नी सुनीता के पास बैठा था। अचानक से वह गिर गया।
पोस्टमार्टम जाँच के बाद साफ होगा मामला
सुनीता ने शोर मचाया और आस-पास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। गिरजा की मौत किस वजह से हुई है, इसका खुलासा आज पोस्टमार्टम के बाद हो जाएगा। परिवार का कहना है कि उसे गोली मारी गई है, और हमलावर मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की टीम गठित की है। शव देर रात मोर्चरी में रखवा दिया था। इस हादसे के बाद आस-पास के लोगों में भी दहशत माहौल है। लोगों के मुताबिक गोली मारने वाला व्यक्ति फोकल पॉइंट इलाके की ओर भागा है।
पत्नी ने देखा वारदात करते भागे आरोपी
गिरजा प्रशाद के बेटे सुनील ने कहा कि उसकी मां खोखे में पिता के साथ बैठी थी और वह खुद घर पर था। उसकी मां ने इस घटना के बाद उसे बताया कि कोई व्यक्ति था जो एक दम से इस हादसे के बाद उसकी आंखों के सामने से भागा है, लेकिन वह उसे पहचानती नहीं।
उसने घटनास्थल पर देखा कि पिता गिरजा खून से लथपथ था। सुनील मुताबिक उसके पिता का किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मार कर कत्ल किया गया है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
DSP करनैल सिंह ने कहा कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे आदि को पुलिसकर्मी खंगाल रहे हैं। फिलहाल मामला अभी संदिग्ध लग रहा है। डॉक्टरों की टीम गिरजा प्रसाद का पोस्टमार्टम करेगी उसके बाद शाम तक पता चल जायेगा कि मौत किस वजह से हुई है। बाकी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर पुलिस नजर रख रही है।
पुलिस इलाके में आने जाने वालो पर कड़ी नजर रख रही है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि मौत किस वजह से हुई है।