वैश्विक टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में बड़ा मील का पत्थर दर्ज करते हुए Samsung Electronics ने $1 ट्रिलियन मार्केट वैल्यू क्लब में प्रवेश कर लिया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स की बढ़ती वैश्विक मांग ने कंपनी के शेयरों को ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचा दिया है, जिससे यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी एशियाई कंपनी बन गई है।
बिजनेस न्यूज़: Samsung Electronics ने एक बड़ा वैश्विक मील का पत्थर हासिल किया है, जिसकी बाजार वैल्यू अब लगभग $1 ट्रिलियन (करीब ₹95 लाख करोड़) तक पहुंच गई है। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में इस्तेमाल होने वाली सेमीकंडक्टर चिप्स की बढ़ती मांग मानी जा रही है। AI इंडस्ट्री के विस्तार ने मेमोरी और हाई-परफॉर्मेंस चिप्स की जरूरत को तेज कर दिया है, जिससे सैमसंग जैसे बड़े निर्माता को सीधा फायदा मिला है।
बुधवार को कारोबार की शुरुआत में कंपनी के शेयरों में करीब 11% तक की उछाल देखी गई। इसी के साथ सैमसंग, Taiwan Semiconductor Manufacturing Company के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी एशियाई कंपनी बन गई है। इस तेजी का असर दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार पर भी पड़ा, जहां KOSPI में भी मजबूती देखी गई और यह 7,000 के स्तर से ऊपर पहुंच गया।
AI बूम से Samsung की ऐतिहासिक छलांग
AI टेक्नोलॉजी के विस्तार के साथ हाई-परफॉर्मेंस मेमोरी और एडवांस्ड चिप्स की मांग तेजी से बढ़ी है। इसका सीधा फायदा Samsung को मिला है, जो दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप निर्माता कंपनियों में से एक है। बुधवार को कारोबार की शुरुआत में कंपनी के शेयरों में 11% तक की तेजी दर्ज की गई, जिससे इसका बाजार मूल्य $1 ट्रिलियन (करीब 95.04 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच गया।
इसके साथ ही Samsung अब Taiwan Semiconductor Manufacturing Company (TSMC) के बाद यह मुकाम हासिल करने वाली दूसरी एशियाई कंपनी बन गई है।
![]()
एशियाई टेक कंपनियों का नया युग
Samsung, SK Hynix और TSMC जैसी कंपनियां मिलकर अब वैश्विक AI इकोसिस्टम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी हैं। इन कंपनियों की मजबूत चिप निर्माण क्षमता ने एशिया को तकनीकी दुनिया के केंद्र में ला दिया है। इस बदलाव का असर शेयर बाजार पर भी दिख रहा है, जहां कई एशियाई टेक कंपनियों के स्टॉक्स रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुके हैं।
Samsung की सेमीकंडक्टर डिवीजन ने मार्च तिमाही में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। AI डेटा सेंटर और हाई-एंड चिप्स की बढ़ती मांग के चलते कंपनी का मुनाफा 48 गुना तक बढ़ गया।
Apple के साथ संभावित साझेदारी
वैश्विक टेक इंडस्ट्री में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, क्योंकि Apple Inc. ने अपने कुछ प्रोसेसर उत्पादन के लिए Samsung के साथ शुरुआती बातचीत शुरू की है। अगर यह साझेदारी आगे बढ़ती है, तो Apple अपने लंबे समय के पार्टनर TSMC के अलावा Samsung को भी एक वैकल्पिक सप्लायर के रूप में शामिल कर सकता है। यह कदम सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव ला सकता है।











