Belgium PM on Trump: भारत में बेल्जियम के PM बार्ट डी वेवर का ट्रंप पर तंज, पीएम मोदी की जमकर की तारीफ

Belgium PM Bart De Wever ने भारत दौरे के दौरान ट्रंप की टैरिफ नीतियों पर तंज कसा। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी को दुनिया के प्रेरणादायक नेताओं में से एक बताते हुए

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बदलती टैरिफ और व्यापार नीतियों पर बिना उनका नाम लिए निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश अब व्यापारिक बाधाएं बढ़ाने, बाजार बंद करने और टैरिफ लगाने की पैरवी कर रहे हैं।

Belgium PM Bart De Wever: बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने भारत यात्रा के दौरान अमेरिका की बदलती व्यापार और टैरिफ नीतियों पर बिना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिए तीखी टिप्पणी की। मुंबई में आयोजित भारत-बेल्जियम हाई-लेवल डायलॉग में उन्होंने बढ़ते संरक्षणवाद, व्यापारिक बाधाओं और अस्थिर टैरिफ नीतियों को लेकर चिंता जताई।

डी वेवर ने अपने संबोधन में खुले बाजार और नियम आधारित वैश्विक व्यापार व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया के सामने मौजूदा भू-राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों के बीच देशों को ऐसी व्यापार व्यवस्था की जरूरत है, जिसमें नीतियां स्थिर, पूर्वानुमान योग्य और पारदर्शी हों।

‘सोमवार को फैसला, बुधवार को वापस...’

बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने व्यापारिक नीतियों में अचानक होने वाले बदलावों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज दुनिया में ऐसी आवाजें तेजी से बढ़ रही हैं जो बाजारों को बंद करने, व्यापारिक बाधाएं बढ़ाने और नए टैरिफ लगाने की वकालत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ देशों के फैसले बेहद मनमाने तरीके से लिए जाते हैं। डी वेवर ने उदाहरण देते हुए कहा कि कभी सोमवार को कोई निर्णय लिया जाता है, बुधवार तक उसे वापस ले लिया जाता है और शनिवार को फिर वही फैसला लागू कर दिया जाता है।

उनकी इस टिप्पणी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ और व्यापार नीतियों से जोड़कर देखा गया। ट्रंप प्रशासन ने अलग-अलग देशों के साथ व्यापार को लेकर कई बार टैरिफ और शुल्क संबंधी नीतियों में बदलाव किए हैं।

तालियों के बाद डी वेवर ने किया मजेदार इशारा

Belgium PM on Trump: भारत में बेल्जियम के PM बार्ट डी वेवर का ट्रंप पर तंज, पीएम मोदी की जमकर की तारीफ

डी वेवर के बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। इसके बाद बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि दर्शकों की प्रतिक्रिया से उन्हें समझ आ गया है कि वे किसकी बात कर रहे हैं। उन्होंने हालांकि अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया। बावजूद इसके, उनके बयान को अमेरिकी व्यापार नीति पर एक अप्रत्यक्ष टिप्पणी के रूप में देखा गया।

डी वेवर ने यह भी कहा कि सभी व्यापार प्रतिबंधों को एक ही नजरिए से नहीं देखा जा सकता। कुछ देश अपनी आर्थिक नीतियों के तहत व्यवस्थित तरीके से कदम उठाते हैं, जबकि कुछ फैसले बाजारों को जानबूझकर प्रभावित करने के उद्देश्य से लिए जाते हैं। उनके मुताबिक, मौजूदा अस्थिर वैश्विक माहौल में नियम आधारित और भरोसेमंद व्यापार व्यवस्था बेहद जरूरी है।

प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ

बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने अपने भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने मोदी से मुलाकात को अपने लिए सम्मान की बात बताया और उन्हें दुनिया के प्रेरणादायक नेताओं में शामिल किया। डी वेवर ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समय अनिश्चितता और अस्थिरता के दौर से गुजर रही है। 

उन्होंने कहा कि कई वैश्विक नेताओं के बयान सुनने पर लोगों में डर और चिंता पैदा होती है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को सुनने पर उन्हें भरोसा और दिशा का एहसास होता है। उन्होंने मोदी को एक समझदार और प्रभावशाली नेता बताते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।

भारत-बेल्जियम संबंधों में बढ़ रहा सहयोग

भारत और बेल्जियम के बीच संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं। दोनों देश रक्षा, क्लीन एनर्जी, टेक्नोलॉजी, व्यापार और लॉजिस्टिक्स जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण MoU पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

डी वेवर के साथ बेल्जियम के रक्षा और विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रांकेन सहित अधिकारियों और कारोबारी प्रतिनिधियों का एक उच्चस्तरीय दल भी भारत आया है। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और गहरा करना है।

Leave a comment