बनास नदी क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बनास नदी क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

भीलवाड़ा के काछोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कीं। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Rajasthan: भीलवाड़ा जिले में अवैध बजरी खनन पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी क्रम में काछोला थाना पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि बनास नदी क्षेत्र में अवैध रूप से बजरी का खनन और परिवहन किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही काछोला थाना प्रभारी मालीराम ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें काछोला थाना पुलिस और स्पेशल टीम के जवान शामिल थे। टीम ने तय रणनीति के तहत बनास नदी क्षेत्र में दबिश दी, जहां अवैध खनन किया जा रहा था।

मौके से भारी मशीनें और वाहन जब्त

पुलिस की दबिश के दौरान मौके पर एक जेसीबी मशीन और सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बजरी खनन और परिवहन में लगी हुई पाई गईं। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर चार लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन और सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह बजरी बिना किसी वैध अनुमति के नदी क्षेत्र से निकाली जा रही थी।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लादू लाल (46), भेरूलाल (40), शैतान गुर्जर (22) और हेमराज (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी काछोला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन और अवैध परिवहन से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध खनन नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और बजरी की सप्लाई कहां की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment