IndiGo ने आज 67 फ्लाइट्स रद्द कीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। सरकार ने एयरलाइन को चेतावनी दी और निर्देश दिया कि उड़ानों में कटौती करें और अन्य एयरलाइंस को स्लॉट देकर ट्रैफिक संतुलित करें।
IndiGo Flights Cancelled: इंडिगो एयरलाइंस ने आज 9 दिसंबर को भी 60 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने एयरलाइन से कहा है कि उड़ानों में कटौती करें ताकि यात्रियों को हो रही असुविधा कम हो सके। इंडिगो ने अब तक फ्लाइट्स रद्द करने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। पिछले एक हफ्ते में लगातार फ्लाइट्स रद्द होने के बाद इंडिगो की उड़ाने धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही हैं, लेकिन आज भी 67 फ्लाइट्स रद्द हैं।
कौनसे एयरपोर्ट ज्यादा प्रभावित
इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार, आज सबसे ज्यादा फ्लाइट्स चेन्नई, बेंगलुरु और तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट से रद्द की गई हैं। केरल के तिरुवनंतपुरम में कई फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। तमिलनाडु में इंडिगो की 41 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं। कर्नाटक के बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी इंडिगो ने 58 आने वाली और 63 उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है। इस वजह से कई यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य पर पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
![]()
पिछले 7 दिनों में रद्द हुईं 4500 से ज्यादा फ्लाइट्स
पिछले एक हफ्ते में इंडिगो ने कुल 4500 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द की हैं। सरकार का कहना है कि अब एयरलाइन की फ्लाइट्स में कटौती की जाएगी और कुछ स्लॉट अन्य एयरलाइंस को दिए जाएंगे। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ एयर ट्रैफिक में भी सुधार होगा। एयरलाइन की लगातार रद्द उड़ानों ने न केवल यात्रियों को प्रभावित किया बल्कि देश की विमान सेवा प्रणाली पर भी दबाव डाला है।
सरकार का सख्त रुख
केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने संसद में इंडिगो को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सरकार ऐसी सख्त कार्रवाई करेगी कि भविष्य में सभी एयरलाइंस के लिए उदाहरण बने। नायडू ने कहा कि देश को कम से कम पांच बड़ी एयरलाइंस की जरूरत है और नई एयरलाइंस शुरू करने का समय अब सबसे सही है।
इंडिगो अभी देश में 2200 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट कर रही है। एयरलाइन का दावा है कि 1800 से ज्यादा फ्लाइट्स अब बहाल हो चुकी हैं और नेटवर्क लगभग पूरी तरह से ठीक हो गया है। वर्तमान में 90 प्रतिशत उड़ानें समय पर चल रही हैं। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को 827 करोड़ रुपये का रिफंड दे दिया है और 4500 से ज्यादा लगेज लौटाए जा चुके हैं।








