नमो भारत का समय रात 10 बजे के बाद बढ़ाने की मांग, दैनिक यात्रियों ने मंथली पास की सुविधा भी मांगी

मेरठ के दैनिक यात्रियों ने नमो भारत का संचालन रात 10 बजे के बाद बढ़ाने और मंथली पास शुरू करने की मांग की। मेरठ-रेवाड़ी शटल समय पर चलाने की अपील भी की।

मेरठ के दैनिक यात्रियों ने राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी से मुलाकात कर नमो भारत का संचालन रात में बढ़ाने और मासिक पास शुरू करने की मांग की। यात्रियों ने मेरठ-रेवाड़ी शटल के समय पर संचालन की मांग भी रखी।

मेरठ: दैनिक यात्रियों ने रविवार को राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी से मुलाकात कर नमो भारत और शटल ट्रेन से जुड़ी समस्याएं उठाईं। यात्रियों ने बताया कि नमो भारत फिलहाल सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलती है। उन्होंने रात में फेरे बढ़ाने के साथ मासिक पास की सुविधा शुरू करने की मांग की, ताकि रोजाना सफर करने वाले कर्मचारियों और छात्रों को राहत मिल सके।

नमो भारत में मंथली पास की मांग

दैनिक यात्रियों ने बताया कि नमो भारत ट्रेन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होती है। मोदीपुरम से सराय काले खां तक का किराया 210 रुपये है। इस हिसाब से दोनों तरफ यात्रा करने पर रोजाना 420 रुपये खर्च होते हैं।

यात्रियों के अनुसार, निजी कंपनियों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए हर दिन इतना किराया देना मुश्किल है। इसलिए उन्होंने नमो भारत में मासिक पास की व्यवस्था शुरू करने की मांग की है।

यात्रियों का कहना है कि मासिक पास मिलने से नियमित रूप से सफर करने वाले लोगों पर यात्रा का आर्थिक बोझ कम हो सकता है।

रात में फेरे बढ़ाने की अपील

दैनिक यात्रियों ने नमो भारत का संचालन रात 10 बजे के बाद भी करने की मांग की है। उन्होंने सुबह 6 बजे से पहले और रात 10 बजे के बाद हर आधे घंटे में ट्रेन चलाने का सुझाव दिया।

यात्रियों के मुताबिक, इससे रात के समय यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। खासतौर पर इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से रात में उड़ान पकड़ने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकता है। रोजाना यात्रा करने वाले हजारों छात्र-छात्राओं के लिए भी अतिरिक्त फेरे उपयोगी साबित होंगे।

मेरठ-रेवाड़ी शटल के समय पर संचालन की मांग

यात्रियों ने मेरठ कैंट से दिल्ली होते हुए रेवाड़ी जाने वाली शटल ट्रेन के लगातार विलंब से चलने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों से ट्रेन के लेट होने की समस्या बनी हुई है।

दैनिक यात्रियों के अनुसार, ट्रेन के विलंब से वे समय पर अपने कार्यस्थल नहीं पहुंच पाते, जिससे उन्हें वेतन में कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शटल ट्रेन का संचालन निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने की मांग की।

यात्रियों ने मेरठ से दिल्ली के बीच फास्ट ईएमयू चलाने का विकल्प भी सुझाया। मुलाकात के दौरान सौरभ शर्मा, औचित्य शर्मा, संजीव मेहता, दीपक वर्मा और तरुण मेहता मौजूद रहे।

Leave a comment