ठंड में क्यों बढ़ता है ब्लड प्रेशर? हाई BP मरीजों के लिए जरूरी सावधानियां

सर्दियों में ठंड से नसें सिकुड़ती हैं और हाई बीपी बढ़ता है। गर्म कपड़े, एक्सरसाइज, कम नमक और समय पर दवा लेने से जोखिम कम किया जा सकता है।

सर्दियों में हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए खतरा बढ़ जाता है क्योंकि ठंड में नसें सिकुड़ने से बीपी स्वाभाविक रूप से बढ़ने लगता है। डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में हार्ट पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का जोखिम भी बढ़ जाता है। सही सावधानियां अपनाकर इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

सर्दियों में हाई ब्लड प्रेशर: सर्द मौसम में हाई बीपी मरीजों के लिए स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है, क्योंकि तापमान गिरने पर शरीर की नसें सिकुड़ती हैं और हार्ट को सामान्य ब्लड फ्लो बनाए रखने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है। दिल्ली के लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में डॉ. एल.एच. घोटेकर बताते हैं कि ठंड के दिनों में हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हाई बीपी से जुड़े लक्षण तेजी से बढ़ सकते हैं। ऐसे में मरीजों को गर्म कपड़े पहनने, नियमित एक्सरसाइज, कम नमक सेवन और समय पर दवा लेने जैसी सावधानियां अपनानी जरूरी हैं, ताकि ब्लड प्रेशर नियंत्रित रह सके।

ठंड हार्ट पर कैसे असर डालती है

डॉक्टरों के मुताबिक सर्द वातावरण शरीर पर तनाव डालता है और हार्ट को ज्यादा जोर लगाना पड़ता है ताकि खून का प्रवाह सामान्य बना रहे। ठंड में फिजिकल एक्टिविटी कम होने से वजन बढ़ने लगता है, जो बीपी को और अनियंत्रित कर देता है। यही कारण है कि सर्दी के दिनों में हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हाई बीपी से जुड़ी समस्याओं की संभावना बढ़ जाती है।
ब्लड प्रेशर बढ़ने पर कई लक्षण दिखाई दे सकते हैं जैसे सिर दर्द, सीने में दर्द, चक्कर आना, धुंधला दिखना, सांस फूलना, थकान और पैरों में सूजन। कभी-कभी नाक से खून भी आ सकता है। इन संकेतों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

हाई बीपी मरीज सर्दियों में क्या सावधानियां रखें

डॉ. घोटेकर सलाह देते हैं कि ठंड में सबसे जरूरी है शरीर को गर्म रखना। बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और ठंडी हवा से खुद को बचाएं। हल्की फुल्की एक्सरसाइज, वॉक, योग और स्ट्रेचिंग करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और बीपी नियंत्रित रहता है।
नमक कम खाएं और तली-भुनी चीजों से दूरी बनाए रखें। ठंड में आमतौर पर लोग पानी कम पीते हैं, जिससे शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है और बीपी बढ़ सकता है। इसलिए दिनभर पर्याप्त पानी पीना जरूरी है। शराब और धूम्रपान बीपी को अचानक बढ़ाते हैं, इसलिए इन्हें पूरी तरह से अवॉइड करना चाहिए। दवाइयां समय पर लें और घर पर बीपी मॉनिटर से नियमित जांच करते रहें। तनाव कम रखने के लिए मेडिटेशन बेहद फायदेमंद है।

इन बातों का भी रखें ध्यान

  • सुबह की तेज ठंड में बाहर जाने से बचें।
  • गर्म पानी से स्नान करें ताकि शरीर को झटका न लगे।
  • नियमित BP चेक करवाते रहें।
  • हल्की धूप लें ताकि विटामिन डी की कमी न हो।
  • पर्याप्त नींद लें और खुद को तनाव मुक्त रखने की कोशिश करें।

सर्दियों का मौसम हाई बीपी मरीजों के लिए चुनौती भरा हो सकता है, लेकिन सही सावधानियों के साथ इसे आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। अपनी दिनचर्या में छोटे बदलाव लाकर हार्ट को सुरक्षित रखा जा सकता है और ब्लड प्रेशर स्थिर बनाए रखा जा सकता है।

Leave a comment