लोकप्रिय ब्रिटिश गायक एड शीरन का हालिया कॉन्सर्ट उस समय चर्चा में आ गया, जब उन्होंने अपने शो की शुरुआत गाजा के हालात का जिक्र करते हुए की। उनके इस कॉन्सर्ट से पहले विवाद भी सामने आया था, क्योंकि उनके साथ काम करने वाले कुछ कलाकारों ने शो का बहिष्कार किया था।
Ed Sheeran Gaza Controversy: ब्रिटिश पॉप स्टार एड शीरन का अमेरिकी Loop Tour इन दिनों संगीत के साथ-साथ गाजा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े विवाद को लेकर भी चर्चा में है। फिलाडेल्फिया में 19 सितंबर को हुए अपने कॉन्सर्ट में शीरन ने पहली बार मंच से इस पूरे विवाद पर विस्तार से बात की।
उन्होंने गाजा में जारी हालात को “विनाशकारी और अन्यायपूर्ण” बताते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को नजरअंदाज नहीं कर सकते। उनका यह बयान रैपर मैकमोर को उनके अमेरिकी टूर से हटाए जाने के बाद आया है।
मैकमोर को टूर से हटाने के बाद बढ़ा विवाद
विवाद की शुरुआत सितंबर की शुरुआत में हुई, जब मैकमोर ने न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में परफॉर्म करते हुए फिलिस्तीन के समर्थन में आवाज उठाई। उन्होंने मंच से गाजा और वेस्ट बैंक के लोगों के प्रति समर्थन जताया और “Free Palestine” का नारा लगाया। इसके बाद उन्हें एड शीरन के अमेरिका में होने वाले Loop Tour के बाकी कार्यक्रमों से हटा दिया गया।
टूर के प्रमोटर Messina Touring Group के अनुसार, कुछ आयोजन स्थलों ने स्पष्ट कर दिया था कि वे मैकमोर की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों की मेजबानी नहीं करेंगे। इसी वजह से टूर के बाकी अमेरिकी शो से उन्हें हटाने का फैसला लिया गया। मैकमोर ने इस फैसले को अपनी फिलिस्तीन समर्थक टिप्पणियों से जोड़ते हुए सार्वजनिक रूप से अपनी असहमति जाहिर की थी।
एड शीरन ने कहा- फैसला मेरा नहीं था
मैकमोर को हटाए जाने के बाद एड शीरन पर भी सवाल उठने लगे। हालांकि शीरन ने स्पष्ट किया कि मैकमोर को टूर से हटाने का फैसला उन्होंने नहीं लिया था। उनके मुताबिक, आयोजन स्थलों और प्रमोटर के बीच बने हालात के कारण यह स्थिति पैदा हुई और उन्होंने विवाद को सुलझाने की कोशिश की थी।फिलाडेल्फिया के लिंकन फाइनेंशियल फील्ड में हुए कॉन्सर्ट में शीरन ने कहा कि वह अपने संगीत कार्यक्रमों को राजनीतिक बहस का मंच नहीं बनाना चाहते।
उनका कहना था कि उनके लिए संगीत लोगों को जोड़ने, उम्मीद और इंसानियत की बात करने का माध्यम है। साथ ही उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि किसी कलाकार के मंच पर बोलने से पहले यह तय किया जाए कि उसे क्या कहने की अनुमति होगी।
गाजा पर पहली बार खुलकर बोले शीरन

कॉन्सर्ट के दौरान शीरन ने 7 अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हुए हमास के हमले को भयावह बताया। इसके साथ ही उन्होंने गाजा में मौजूदा स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वहां जो कुछ हो रहा है, वह “catastrophic and unjustifiable” यानी विनाशकारी और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने वेस्ट बैंक में जारी व्यवस्थित अन्याय के आरोपों को भी नजरअंदाज नहीं करने की बात कही।
शीरन ने यह भी कहा कि वह खुद को “एक्टिविस्ट म्यूजिशियन” के तौर पर पेश नहीं करना चाहते, लेकिन मौजूदा विवाद ने उन्हें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और इस जटिल राजनीतिक मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से बोलने की स्थिति में ला दिया है। उन्होंने दर्शकों से कहा कि उनका कॉन्सर्ट अलग-अलग विचार रखने वाले लोगों के लिए भी एक सुरक्षित जगह होना चाहिए।
कई कलाकारों ने टूर से बनाई दूरी
मैकमोर को हटाए जाने के बाद शीरन के टूर से जुड़े कई सपोर्टिंग कलाकारों ने भी अलग होने का फैसला किया। इनमें Finneas, Lukas Graham, Aaron Rowe और Beoga शामिल हैं। इन कलाकारों के फैसले को मैकमोर के प्रति समर्थन और फिलिस्तीन से जुड़े उनके रुख के संदर्भ में देखा गया। इसके बाद टूर को लेकर विवाद और बढ़ गया।
फिलाडेल्फिया कॉन्सर्ट के बाहर भी फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने मैकमोर को हटाए जाने और कलाकारों की अभिव्यक्ति पर संभावित पाबंदियों को लेकर सवाल उठाए। वहीं कुछ दर्शकों ने यह राय व्यक्त की कि संगीत कार्यक्रमों को राजनीतिक विवादों से अलग रखा जाना चाहिए। इस तरह शीरन का टूर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कलाकारों की जिम्मेदारी और संगीत के राजनीतिकरण पर चल रही बहस का हिस्सा बन गया है।
मैकमोर ने फिलिस्तीनी राहत के लिए किया बड़ा ऐलान
विवाद के बीच मैकमोर ने फिलिस्तीनी राहत संगठनों को 10 लाख डॉलर देने की घोषणा की है। यह राशि उनके Loop Tour से मिलने वाली शुद्ध कमाई से जुड़ी बताई गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, यह सहायता Medical Aid for Palestinians, Palestine Children's Relief Fund और UNRWA समेत राहत संगठनों तक पहुंचाई जाएगी।
वहीं, रॉबर्ट क्राफ्ट और एड शीरन की ओर से भी 20-20 लाख डॉलर देने की प्रतिबद्धता की रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि इन दोनों की राशि किस संस्था या राहत कार्यक्रम को दी जाएगी, इसकी पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।











