Microsoft अपने इंजीनियरों को कंपनी के इन-हाउस एआई कोडिंग प्लेटफॉर्म GitHub Copilot CLI पर शिफ्ट करने की दिशा में काम कर रही है। इसी वजह से कंपनी ने Anthropic के एआई कोडिंग टूल Claude Code के अधिकांश इंटरनल लाइसेंस रद्द करने का फैसला लिया है।
टेक न्यूज़: Microsoft ने अपने इंजीनियरों और डिजाइन टीमों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए Anthropic के लोकप्रिय AI कोडिंग टूल “Claude Code” के अधिकांश इंटरनल लाइसेंस रद्द करने का निर्णय लिया है। कंपनी अब अपने कर्मचारियों को जून 2026 के अंत तक खुद के प्लेटफॉर्म GitHub Copilot CLI पर शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है।
यह कदम ऐसे समय में आया है जब वैश्विक टेक इंडस्ट्री में AI आधारित डेवलपमेंट टूल्स की प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है। माइक्रोसॉफ्ट का यह निर्णय न केवल तकनीकी बल्कि रणनीतिक और वित्तीय दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
Claude Code को मिला था जबरदस्त रिस्पॉन्स
रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब पांच महीने पहले माइक्रोसॉफ्ट ने हजारों कर्मचारियों—जिनमें इंजीनियर, प्रोडक्ट मैनेजर और डिजाइनर शामिल थे—को Claude Code का एक्सेस दिया था। Claude Code अपनी तेज और प्रभावशाली कोडिंग क्षमता के कारण कर्मचारियों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया था। कई इंजीनियर इसका उपयोग प्रोटोटाइप तैयार करने, नए आइडिया टेस्ट करने और कोडिंग वर्कफ्लो को तेज करने के लिए कर रहे थे।
विशेष रूप से शुरुआती डेवलपमेंट और एक्सपेरिमेंटेशन में इस टूल को बेहद उपयोगी माना गया। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट अब अपने इन-हाउस AI इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
GitHub Copilot CLI पर फोकस बढ़ा रही माइक्रोसॉफ्ट
कंपनी अब विंडोज, Microsoft 365, Outlook, Teams और Surface इंजीनियरिंग ग्रुप जैसी प्रमुख टीमों में GitHub Copilot CLI को प्राथमिक AI कोडिंग प्लेटफॉर्म बनाने की तैयारी कर रही है। कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 30 जून 2026 तक अपने मौजूदा वर्कफ्लो को Claude Code से Copilot CLI पर ट्रांसफर कर लें।
विशेषज्ञों का मानना है कि माइक्रोसॉफ्ट अपने AI टूल्स को अधिक गहराई से कंपनी के इंटरनल सिस्टम, सिक्योरिटी मॉडल और इंजीनियरिंग जरूरतों के साथ इंटीग्रेट करना चाहता है। यही कारण है कि वह बाहरी प्लेटफॉर्म की बजाय अपने इकोसिस्टम पर ज्यादा भरोसा दिखा रहा है।

आखिर क्यों लिया गया यह फैसला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट का यह कदम केवल तकनीकी नहीं बल्कि वित्तीय रणनीति का भी हिस्सा है। 30 जून 2026 को माइक्रोसॉफ्ट के वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन माना जाता है। ऐसे में Claude Code के लाइसेंस कम करने से कंपनी नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से पहले ऑपरेशनल लागत घटा सकती है।इसके अलावा, अपने AI टूल्स पर अधिक नियंत्रण रखने से माइक्रोसॉफ्ट को डेटा सुरक्षा, कस्टमाइजेशन और भविष्य की AI रणनीतियों में भी फायदा मिल सकता है।
कंपनी लंबे समय से OpenAI और GitHub Copilot जैसे AI प्रोडक्ट्स में भारी निवेश कर रही है। ऐसे में अपने प्लेटफॉर्म को प्राथमिकता देना उसके व्यापक बिजनेस विजन का हिस्सा माना जा रहा है।
माइक्रोसॉफ्ट VP राजेश झा ने क्या कहा?
माइक्रोसॉफ्ट के वाइस प्रेसिडेंट Rajesh Jha ने एक इंटरनल मेमो में इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य शुरुआत से ही अलग-अलग AI कोडिंग टूल्स का परीक्षण करना था ताकि यह समझा जा सके कि वास्तविक इंजीनियरिंग वर्कफ्लो में कौन-सा प्लेटफॉर्म सबसे बेहतर साबित होता है।झा के अनुसार, Claude Code इस सीखने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, लेकिन GitHub Copilot CLI ने माइक्रोसॉफ्ट को ऐसा प्लेटफॉर्म दिया है जिसे कंपनी अपनी इंजीनियरिंग जरूरतों, रिपॉजिटरी सिस्टम और सुरक्षा मानकों के हिसाब से सीधे बेहतर बना सकती है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि Copilot CLI को भविष्य में और अधिक एडवांस फीचर्स और इंटरनल इंटीग्रेशन के साथ विकसित किया जाएगा। हालांकि इंटरनल लाइसेंस रद्द किए जा रहे हैं, लेकिन रिपोर्ट्स में कहा गया है कि माइक्रोसॉफ्ट और Anthropic के बीच व्यापक साझेदारी अभी भी जारी रहेगी।












