सीकर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को 4 नगर निकायों में 76.75 प्रतिशत मतदान हुआ। वार्ड 15 में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों की झड़प और वार्ड 18 में फर्जी वोटिंग के आरोपों से तनाव रहा। पुलिस ने कई लोगों को पकड़ा।
सीकर: राजस्थान के सीकर जिले में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान शुक्रवार को कई जगहों पर विवाद और तनाव की स्थिति देखने को मिली। सीकर नगर परिषद के वार्ड नंबर 15 में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर कलेक्टर आशीष मोदी, एसपी प्रवीण नायक नूनावत और सीकर विधायक राजेंद्र पारीक मौके पर पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी ने मारपीट और कपड़े फाड़ने की कोशिश का आरोप लगाया। दूसरी ओर, वार्ड नंबर 18 में फर्जी मतदान के आरोप में कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे समेत कई लोगों को पुलिस ने पकड़ा।
वार्ड 15 में भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़े
सीकर नगर परिषद के वार्ड नंबर 15 में मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस बल तैनात किया गया।
भाजपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने उनके सीने पर मारा और कपड़े फाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मारपीट के आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीकर के जिला कलेक्टर आशीष मोदी और विधायक राजेंद्र पारीक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।
मीडियाकर्मी का कैमरा तोड़ने का आरोप
वार्ड नंबर 15 में स्थित सैमरॉक प्रेरणा स्कूल में भी विवाद की स्थिति बनी। यहां कांग्रेस समर्थकों पर एक मीडियाकर्मी का कैमरा तोड़ने का आरोप लगा। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी के पति के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग किया और वहां मौजूद लोगों को खदेड़ा। इस वार्ड से निवर्तमान सभापति जीवण खां और भाजपा प्रत्याशी सिमरन मुंदोरी चुनाव मैदान में हैं।
वार्ड 18 में फर्जी वोटिंग के आरोप
सीकर के वार्ड नंबर 18 में भी मतदान प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया। कांग्रेस प्रत्याशी साबिर के बेटे पर तीन बार फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि वह स्कूल नंबर 5 के मतदान केंद्र के सामने एक घर में छिपा बैठा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इसी वार्ड में पुलिस ने फर्जी मतदान के आरोप में दो महिलाओं को भी पकड़ा। दोनों को पुलिस थाने ले जाया गया। इसके अलावा बायोस्कोप मॉल के सामने स्थित बालिका आदर्श विद्या मंदिर के पोलिंग बूथ पर फर्जी मतदान की शिकायत के बाद एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया।
200 मीटर के दायरे से हटाई गईं टेबल और गाड़ियां
मतदान केंद्रों के आसपास चुनावी नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्ती दिखाई। वार्ड नंबर 18 के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नंबर 5 के 200 मीटर के दायरे में प्रत्याशियों के एजेंटों की टेबल लगी हुई थीं। पुलिस ने इन टेबलों को वहां से हटवा दिया।
फतेहपुर रोड पर पावर हाउस और अन्य मतदान केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में खड़े लोगों और वाहनों को भी पुलिस ने हटाया। वार्ड नंबर 36 में मतदान केंद्र के पास बिना नंबर की कैंपर गाड़ी खड़ी मिली। पुलिस ने उसके चारों टायरों की हवा निकाल दी।
भाजपा प्रत्याशी के देवर को पुलिस ने पकड़ा
मतदान के दौरान वार्ड नंबर 6 की भाजपा प्रत्याशी नीतू के देवर किशन को पुलिस ने पकड़ लिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस उसे पोलिंग बूथ के सामने से कॉलर पकड़कर जीप में बैठाकर थाने ले गई। हालांकि, बाद में उसे छोड़ दिया गया।
4 निकायों में 76.75% मतदान
सीकर जिले के चार नगर निकायों में शुक्रवार शाम 6 बजे तक कुल 76.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें धोद नगरपालिका सबसे आगे रही, जहां 82.97 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।
लोसल नगरपालिका में 78.93 प्रतिशत, रामगढ़ शेखावाटी नगरपालिका में 72.89 प्रतिशत और सीकर नगर परिषद में 72.21 प्रतिशत मतदान हुआ।
- निकाय 10 बजे तक 1 बजे तक 3 बजे तक 6 बजे तक
- सीकर नगर परिषद 21.42% 45.48% 57.47% 72.21%
- लोसल नगरपालिका 28.45% 57.62% 69.23% 78.93%
- रामगढ़ शेखावाटी नगरपालिका 31.51% 56.78% 64.69% 72.89%
- धोद नगरपालिका 31.71% 60.70% 72.44% 82.97%
सीकर नगर परिषद में 64 वार्डों के लिए मतदान
सीकर नगर परिषद के कुल 65 वार्डों में से 64 वार्डों के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ। वार्ड नंबर 65 से कांग्रेस प्रत्याशी माया देवी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। इस तरह कांग्रेस को मतदान से पहले ही एक सीट मिल गई थी।

वार्ड 18 में सबसे ज्यादा उम्मीदवार
सीकर नगर परिषद के वार्ड नंबर 18 में सबसे कड़ा मुकाबला माना गया। यहां कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस के साबिर हुसैन और भाजपा के शकील के अलावा सात निर्दलीय, एक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और एक राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी मैदान में हैं।
इसके विपरीत 10 वार्डों में केवल दो-दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इन वार्डों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। इनमें वार्ड नंबर 14, 21, 26, 28, 31, 34, 41, 44, 45 और 52 शामिल हैं।
पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा
सीकर में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी उत्साह दिखाई दिया। माथुर कॉलोनी स्थित आदर्श विद्या मंदिर के वार्ड नंबर 31 के पोलिंग बूथ पर कुमकुम माथुर, हर्षित माथुर, अदिति माथुर और रक्षिता माथुर ने पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
अदिति माथुर ने कहा कि वोट करने के बाद उन्हें महसूस हो रहा है कि देश का भविष्य तय करने और लोकतंत्र को मजबूत करने में हर वोट का योगदान अहम है।
कैंसर सर्वाइवर गायत्री देवी ने व्हीलचेयर से किया मतदान
सीकर की माथुर कॉलोनी स्थित आदर्श विद्या मंदिर के मतदान केंद्र पर कैंसर सर्वाइवर गायत्री देवी भी वोट डालने पहुंचीं। उनके भतीजे मनीष दीक्षित और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र तक लेकर आए।
गर्मी और उमस को देखते हुए मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए टेंट की व्यवस्था भी की गई थी। कई बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सीकर में मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई।
वार्ड नंबर 11 के जैन स्कूल पोलिंग बूथ के गेट पर भी धक्का-मुक्की की घटना सामने आई, जिसके बाद एक राजनीतिक एजेंट को बाहर निकाल दिया गया। वार्ड नंबर 18 में भी बूथ के बाहर लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया।
चुनाव क्षेत्र में अवकाश और सूखा दिवस
सीकर के जिन निकाय क्षेत्रों में मतदान हुआ, वहां मतदान दिवस पर अवकाश घोषित किया गया था। 11 सितंबर को इन चुनावी क्षेत्रों में सूखा दिवस भी रहा और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लागू रहा।












