भारतीय शादियों में खूबसूरत और फिट दिखने का चलन अब पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है। जहां पहले लोग शादी की तैयारी में कपड़े, ज्वेलरी और मेकअप पर ध्यान देते थे, वहीं अब फिट बॉडी भी इस तैयारी का अहम हिस्सा बन चुकी है। सोशल मीडिया, प्री-वेडिंग फोटोशूट और ट्रेंडिंग फैशन ने युवाओं पर ‘परफेक्ट लुक’ पाने का दबाव बढ़ा दिया है।
इसी दबाव के चलते अब युवक-युवतियां जल्दी वजन घटाने के लिए शॉर्टकट अपनाने लगे हैं। डाइट और एक्सरसाइज के बजाय वे मेडिकल ट्रीटमेंट, खासकर वेट लॉस इंजेक्शन का सहारा ले रहे हैं।
आईमार्क ग्रुप की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में वेट लॉस क्लिनिक्स और वेट मैनेजमेंट का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। साल 2025 में यह बाजार 2.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का था और अनुमान है कि 2034 तक यह 5 लाख करोड़ रुपए को पार कर सकता है।

वेट लॉस इंजेक्शन का बढ़ता ट्रेंड
आजकल वजन कम करने के लिए इस्तेमाल होने वाली दवा सेमाग्लूटाइड के इंजेक्शन काफी चर्चा में हैं। पहले ये दवाएं महंगी थीं, लेकिन अब इनके जेनरिक वर्जन 90% तक सस्ते हो गए हैं, जिससे इनकी पहुंच आम लोगों तक बढ़ गई है।
कई वेट लॉस क्लीनिक और ब्यूटी सेंटर्स ने अपने “प्री-वेडिंग ट्रांसफॉर्मेशन पैकेज” में इन इंजेक्शन को शामिल कर लिया है। इन पैकेजों में दावा किया जाता है कि कुछ ही हफ्तों में शरीर का वजन और फैट तेजी से कम किया जा सकता है।
प्री-मैरिटल काउंसलर और ब्यूटी एक्सपर्ट लवीना मनवानी के अनुसार, आज की युवा पीढ़ी का फोकस सिर्फ वजन कम करने पर नहीं, बल्कि “इंच लॉस” यानी शरीर की शेप सुधारने पर ज्यादा है। खासकर लड़कियां चाहती हैं कि वे अपने शादी के आउटफिट में परफेक्ट दिखें।
वे 2-3 महीने के पैकेज के लिए 15 हजार से 50 हजार रुपए तक खर्च करने को तैयार रहती हैं, जिसमें कमर की चर्बी 3 से 6 इंच तक घटाने का दावा किया जाता है।
शॉर्टकट के पीछे छिपे खतरे
हालांकि, डॉक्टर और फिटनेस एक्सपर्ट इस ट्रेंड को लेकर चिंता जता रहे हैं। ओबेसिटी मेडिसिन एसोसिएशन के अनुसार, वेट लॉस इंजेक्शन लेने से पहले इसके साइड इफेक्ट्स को समझना बेहद जरूरी है।
इन इंजेक्शन से वजन कम तो हो सकता है, लेकिन इसके साथ कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं भी जुड़ी होती हैं। इनमें मतली, उल्टी, पेट दर्द, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं और हार्मोनल असंतुलन शामिल हैं।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि जैसे ही व्यक्ति इन दवाओं का इस्तेमाल बंद करता है, उसका वजन दोबारा तेजी से बढ़ सकता है। यानी यह एक स्थायी समाधान नहीं है, बल्कि अस्थायी उपाय है।
फिटनेस एक्सपर्ट शैलजा त्रिवेदी बताती हैं कि कई युवा शादी से ठीक पहले जल्दी परिणाम पाने के लिए ऐसे शॉर्टकट अपनाते हैं, जो लंबे समय में उनकी सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं।
नेचुरल तरीके ही हैं सुरक्षित विकल्प
विशेषज्ञों का मानना है कि वजन घटाने के लिए सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका संतुलित डाइट और नियमित एक्सरसाइज ही है। अचानक और तेजी से वजन घटाने के बजाय धीरे-धीरे और स्थायी तरीके से वजन कम करना ज्यादा फायदेमंद होता है।
सही खानपान, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और तनाव को नियंत्रित करना शरीर को फिट और स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है। इसके अलावा, किसी भी तरह की दवा या इंजेक्शन लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।













